Popular

जयपुर स्थापना दिवस समारोह में राजस्थानी संस्कृति और सभ्यता का होगा निर्वहन - कुसुम यादव

जयपुर। नगर निगम हेरिटेज की ओर से अपनी सांस्कृतिक, हेरिटेज, वास्तु कला, परंपरा और ऐतिहासिक विरासत में दुनिया भर में अपनी अलग पहचान रखने वाले जयपुर शहर के स्थापना दिवस समारोह का 18 अक्टूबर से शुभारंभ किया जाएगा। 18 अक्टूबर से 18 नवंबर तक चलने वाले आयोजन के संबंध में गुरुवार को महापौर कुसुम यादव ने बताया कि जयपुर स्थापना दिवस के समारोह की शुरुआत शुक्रवार सुबह मोती डूंगरी गणेश मंदिर में गणेश पूजन के साथ शुरू हो जाएगी। इसके बाद राजधानी के सबसे पहले पोल गंगापोल स्थित गणेश जी की प्रतिमा का पूजन किया जाएगा। महापौर ने बताया कि इस बार समारोह के अंतर्गत राजस्थानी रीति रिवाज और संस्कृति को बढ़ावा देते हुए कई आयोजन किए जाएंगे। जिसमें राजस्थानी कार्यक्रम, सूफी कार्यक्रम, हेरिटेज वॉक, कत्थक नृत्य और बॉक्स क्रिकेट को भी शामिल किया गया है। महापौर कुसुम यादव ने बताया कि हेरिटेज निगम की ओर से आयोजन के संबंध में पूरी तैयारी कर ली गई है। 

महापौर कुसुम यादव ने बताया कि इस बार पर्यटक और स्थानीय लोगों को जयपुर शहर के हेरिटेज से परिचय कराने के लिए हेरिटेज वॉक का भी आयोजन किया गया है। जो कि शुक्रवार को सायं छह बजे चांदपोल हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर हवामहल तक की जाएगी। इस दौरान शहरवासियों को स्वच्छता का संदेश भी दिया जाएगा। वहीं शुक्रवार को ही गोविंद देव जी मंदिर में कथक नृत्य का भी आयोजन किया गया है। 

महापौर कुसुम यादव ने बताया कि वहीं 21 अक्टूबर को शहरवासियों को समारोह के अंतर्गत जल महल की पाल पर सांस्कृतिक कार्यक्रमो की झलक देखने को मिलेगी। 22 अक्टूबर को बड़ी चौपड़ पर कव्वाली कार्यक्रम किया जाएगा। 26 अक्तूबर को जय क्लब में बॉक्स क्रिकेट भी खेला जाएगा। इसके अलावा तीन नवंबर को स्टेच्यू सर्कल पर सवाई जय सिंह जयंती मनाई जाएगी। 

आयोजन को लेकर महापौर कुसुम यादव ने सभी कार्यक्रम के लिए प्रभारी बनाए है। वहीं, अतिरिक्त आयुक्त सुरेंद्र सिंह यादव को समन्वयक, उपायुक्त सतर्कता पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ को प्रभारी बनाया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post